दुर्ग। पतोरा स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि अब समय आ गया है कि “बेटा बचाव और बेटा पढ़ाव” जैसे अभियान को भी गंभीरता से लागू किया जाए। उन्होंने मंच से कहा कि स्कूल कार्यक्रम में बालकों की उपस्थिति कम दिखाई दे रही है, जो चिंता का विषय है।
सांसद विजय बघेल ने कहा, “शिक्षा और संस्कार को लेकर हमारी सरकार लगातार प्राथमिकता दे रही है। अब मैं प्रधानमंत्री से आग्रह करूंगा कि बेटा बचाव, बेटा पढ़ाव जैसे अभियान पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि समाज में संतुलन और समान अवसर बने रहें।”
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा को गंभीरता से लें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।