प्रचार में निकले कांग्रेस और भाजपा के संभावित प्रत्याशी, टोली बनाकर ले रहे जनता का फीडबैक
टिकट से पहले ही जनसंपर्क तेज, वार्डों में बैठकों और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए माहौल बनाने में जुटे दावेदार
रिसाली। नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही संभावित प्रत्याशियों की धड़कनें तेज होने लगी हैं। टिकट की घोषणा से पहले ही दावेदार मतदाताओं के बीच पहुंचकर उनके मन को टटोलने और अपने पक्ष में फीडबैक लेने में जुट गए हैं। कहीं सामाजिक बैठकें हो रही हैं, तो कहीं स्थानीय कार्यक्रमों के जरिए लोगों से संपर्क साधा जा रहा है। कांग्रेस की ओर से हेमीन चतुर्वेदी और रामेश्वरी दिवाकर गायकवाड़ सक्रिय नजर आ रही हैं, वहीं भाजपा की ओर से पार्वती ढीढी और तेजस्वी सोनवानी भी लगातार वार्डों का दौरा कर रही हैं। इसके अलावा आम आदमी पार्टी की संभावित उम्मीदवार गीतेश्वरी बघेल भी अपनी सक्रियता बनाए हुए हैं।
हेमीन चतुर्वेदी : सुबह से ही वार्डों में सक्रियता
कांग्रेस की संभावित दावेदार हेमीन चतुर्वेदी ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। सुबह से ही वार्डों में लोगों से चर्चा, सोशल मीडिया पर सक्रियता और समर्थकों के साथ दौरे की रणनीति उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गई है। समर्थकों के माध्यम से वार्डों में घर-घर बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
डुंडेरा, जोरातराई और पुरैना जैसे दूरस्थ वार्डों का दौरा भी पूरा किया जा चुका है। उनकी सक्रियता के बीच एक बात खास तौर पर सामने आ रही है कि टिकट किसी को भी मिले, लेकिन चुनाव में कांग्रेस के लिए काम करने का संकल्प कायम रहेगा।
रामेश्वरी दिवाकर गायकवाड़ : समर्थकों के साथ बैठकों का दौर
कांग्रेस की संभावित प्रबल दावेदार रामेश्वरी दिवाकर गायकवाड़ भी चुनावी तैयारियों में पीछे नहीं हैं। रिसाली सेक्टर में निवास करने वाली रामेश्वरी तय कार्यक्रमों के अनुसार लगातार जनसंपर्क कर रही हैं। विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी के बाद अब स्थानीय समर्थकों के साथ बैठकों का दौर भी तेज हो गया है। चुनावी समीकरणों को समझने और संगठन के बीच अपनी सक्रियता बनाए रखने पर उनका जोर दिखाई दे रहा है।
पार्वती ढीढी : 40 वार्डों में संपर्क, महिला समर्थकों की टीम सक्रिय
भाजपा की संभावित प्रबल दावेदार पार्वती ढीढी भी रिसाली के सभी 40 वार्डों में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क अभियान चला चुकी हैं। उनके समर्थक अपने स्तर पर बैठकों और जनसंपर्क के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
पार्वती ढीढी सुबह से ही समर्थकों के बुलावे पर उनके घर पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रही हैं। रिसाली में महिलाओं के बीच उनका अच्छा संपर्क माना जाता है। भाजपा की पुरानी कार्यकर्ता होने के साथ-साथ सतनामी समाज से जुड़ाव भी उनकी राजनीतिक पहचान का हिस्सा है। महिला समर्थकों की सक्रिय टीम के कारण उनकी दावेदारी लगातार चर्चा में बनी हुई है।।
तेजस्वी सोनवानी : स्थानीय दावेदारी के साथ वार्डों में सक्रियता
भाजपा की संभावित प्रबल दावेदार तेजस्वी सोनवानी भी चुनावी गतिविधियों में लगातार सक्रिय हैं। रिसाली निवासी सोनवानी दिनभर समर्थकों से मुलाकात करने और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने में समय दे रही हैं।
पुरैना से जोरातराई, डुंडेरा और मरोदा तक उनके समर्थकों की सक्रियता दिखाई दे रही है। विभिन्न क्षेत्रों में समर्थकों की बैठकों और जनसंपर्क के जरिए अपनी दावेदारी को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर संपर्क और समर्थकों की भागीदारी उनकी चुनावी तैयारी का प्रमुख हिस्सा बन गई है।
गीतेश्वरी बघेल भी मैदान में सक्रिय।
आम आदमी पार्टी की संभावित उम्मीदवार गीतेश्वरी बघेल भी चुनावी गतिविधियों में जुटी हुई हैं। वह जनता की समस्याओं को लेकर प्रशासन के समक्ष अपनी बात रख रही हैं। इसके साथ ही समर्थकों के साथ लगातार बैठकें कर रही हैं। ऐसे में रिसाली नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के दावेदारों के बीच आम आदमी पार्टी की सक्रियता भी राजनीतिक मुकाबले को दिलचस्प बना सकती है।
टिकट से पहले शक्ति प्रदर्शन, नजरें पार्टी के फैसले पर
रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर फिलहाल संभावित दावेदारों के बीच जनसंपर्क और संगठनात्मक सक्रियता का दौर जारी है। सभी अपने-अपने स्तर पर जनता के बीच पहुंचकर समर्थन का आकलन करने में जुटे हैं। हालांकि, अंतिम तस्वीर टिकट वितरण के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता ने चुनावी माहौल को गर्माना शुरू कर दिया है।