डुंडेरा में कल निकलेगी भव्य चुनरी यात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना
रिसाली /अदित्य भारत
डुंडेरा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी साहू ब्रदर्स के तत्वावधान में डुंडेरा में भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया जाएगा। 12 अक्टूबर को शाम 6 बजे निकलने वाली इस यात्रा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित पत्रकार, सामाजिक नेता एवं महिला समिति की सदस्य शामिल होंगी। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
चुनरी यात्रा शांति नगर से प्रारंभ होकर पूरे वार्ड का भ्रमण करेगी। इसके पश्चात यात्रा मां शीतला मंदिर परिसर पहुंचेगी, जहां माता रानी को चुनरी अर्पित की जाएगी। धार्मिक आस्था और भक्ति से जुड़े इस आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
झांकी और धुमाल रहेंगे आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम संयोजक संजय साहू ने बताया कि चुनरी यात्रा को भव्य बनाने के लिए आकर्षक झांकियों, धुमाल सहित अन्य दर्शनीय प्रस्तुतियों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
वहीं, विजय साहू ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्रामवासियों से सहयोग की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी शामिल होकर चुनरी यात्रा को सफल बनाएंगे।