बलौदाबाजार में दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप
बलौदाबाजार जिले के हथबंद थाना क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्वामी आत्मानंद स्कूल का लोहे का मुख्य गेट अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्चा तीज पर्व के मौके पर अपनी मां के साथ मामा के घर आया था और स्कूल के पास खेल रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के मुख्य गेट को सहारा देने वाला कंक्रीट कॉलम पिछले करीब तीन महीने से जर्जर हालत में था। आरोप है कि कॉलम ऊपर और नीचे दोनों तरफ से कमजोर हो चुका था और गेट एक लोहे की पट्टी व कील के सहारे टिका हुआ था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जर्जर कॉलम की जानकारी होने के बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि मेंटेनेंस में कथित लापरवाही के कारण मासूम को जान गंवानी पड़ी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, SDM ने पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।