दुर्ग मे एक मासूम ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, दसवीं क्लास मे पढ़ती थी, परिवार सदमे मे


दुर्ग में दसवीं की छात्रा ने की आत्महत्या, परिवार में मातम

दुर्ग। दुर्ग जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में कक्षा दसवीं की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिशा माथनकर (15 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दुर्ग पब्लिक स्कूल की छात्रा थी।

घटना शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। दिशा अपने परिवार के साथ सिकोला बस्ती के आगे जयंती नगर स्थित किराए के मकान में रहती थी। परिजनों के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर उसे तत्काल डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

बताया गया है कि दिशा अपने परिवार की बड़ी बेटी थी। परिवार में चार सदस्य हैं। मृतका की मां सिलाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं और एक छोटी टेलर की दुकान चलाती हैं। इस दुखद घटना के बाद से परिवार सदमे में है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top