बोरसी मे पकड़ाया अवैध शराब बेचते हुए युवक, ननकट्टी मे भी, बॉम्बे ब्रांड सबसे ज्यादा जब्त, विशेष अभियान की पड़ी जरुरत

आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश तथा कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त अभियान जारी है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त आबकारी सी.आर. साहू के निर्देशन में 31 दिसंबर 2025 को आबकारी विभाग जिला दुर्ग, वृत्त भिलाई क्रमांक-02 की टीम ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई की।

प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब का परिवहन करते दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई में आरोपी गीतेश कुमार देशलहरे, निवासी यादव मोहल्ला बोरसी भाटा के कब्जे से मध्य प्रदेश राज्य में विक्रय हेतु अधिकृत 12 नग प्लास्टिक बोतल बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की (750 एमएल) जब्त की गई। वहीं दूसरे आरोपी एवन निषाद, पिता त्रिभुवन निषाद, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम ननकट्टी के कब्जे से 50 नग पाव देशी मदिरा शोले मसाला बरामद की गई।
जब्त शराब की कुल मात्रा 18 बल्क लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10,760 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 0976) को भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 30,000 रुपये है। इस प्रकार कुल जब्ती का मूल्य लगभग 40,760 रुपये है।
मौके पर आरोपियों के पास से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब पाए जाने पर उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस प्रकरण की विवेचना सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुप्रिया शर्मा द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक हरीश पटेल, प्रियंक ठाकुर, भोजराम रत्नाकर, मुख्य आरक्षक भरथरी, आरक्षक संदीप तिर्की तथा वाहन चालक दीपक राजू, प्रकाश राव एवं धनराज की सराहनीय भूमिका रही

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top