मोरिद से मिला बाज की तरह दिखने वाला उल्लू, जंगल सफारी में छोड़ा
दुर्ग वन विभाग ने बुधवार देर रात मोरिद इलाके से प्रतिबंधित रॉक इंगल उल्लू को रेस्क्यू किया है। उसका प्राथमिक उपचार कराने के बाद रायपुर स्थित जंगल सफारी में छोड़ा गया है। डीएफओ दीपेश कपिल ने बताया कि बुधवार रात पुलिस से सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर उल्लू को अपने कब्जे में लिया। उल्लू की इस प्रजाति को वाइल्ड लाइफ प्रोटेक्शन एक्ट की शेड्यूल 1 की कैटेगरी में रखा गया है। इस वजह से इंडो इंगल उल्लू पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यह उल्लू बड़ा और रात में शिकार करता है। बाज जैसा दिखने के कारण इसे ईगल उल्लू कहते हैं। यह चट्टान, पहाड़ियों, झाड़ीदार जंगलों और कृषि क्षेत्रों में अपना बसेरा बनाता है। इसकी आंखें चमकीली नारंगी पीली या नारंगी लाल रंग की होती है। इसकी आवाज गहरी और गूंजती है। जानकारी के मुताबिक इस तरह के उल्लुओं को मोरिद डैम के आस पास बड़ी संख्या में देखा गया है।