4साल के प्रेम संबंध के बाद जानलेवा हमला
शादीशुदा प्रेमी ने युवती का गला रेतने की कोशिश, नागपुर से गिरफ्तार
दुर्ग जिले के भिलाई अंतर्गत पुलगांव थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 4 साल तक रिलेशनशिप में रहे एक युवक ने शादी के बाद भी प्रेमिका को नहीं छोड़ा और इंकार करने पर उसकी हत्या करने की कोशिश की।
पीड़िता जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी अमन निषाद (20 वर्ष) से उसका पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती थी। करीब 2–3 महीने पहले अमन ने किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली, जिसके बाद पीड़िता ने उससे संपर्क तोड़ दिया।
आखिरी मुलाकात के बहाने बुलाया
24 दिसंबर की रात करीब 12:30 बजे आरोपी अमन ने पीड़िता को फोन कर “आखिरी बार मिलने” की बात कही और घर के बाहर बुलाया। पीड़िता जब गली में पहुंची तो वहां पहले से मौजूद अमन ने उससे शादी करने का दबाव बनाया।
जब युवती ने साफ मना किया, तो आरोपी गुस्से में आ गया और उसका गला दबाते हुए बोला—
“अगर तुम मेरी नहीं हो सकती तो किसी और की भी नहीं हो सकती।”
इसके बाद आरोपी ने जेब से ब्लेड निकालकर युवती के गले पर 2 से 3 बार वार कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल, आरोपी गिरफ्तार
हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और 5 दिन बाद आरोपी अमन निषाद को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।