रायपुर के आउटर इलाके के फार्म हाउस पर लगातार पुलिस ने शनिवार रात बड़ी कार्रवाई की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने हंसी-खुशी फार्म हाउस में रेड कर जुआ खेलते 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई से पहले ड्रोन कैमरे के जरिए जुआ खेलने की पुष्टि की गई थी।ड्रोन वीडियो में जुआरियों की महफिल दिखते ही पुलिस ने की टीम फार्म हाउस के अंदर घुस गई। इस रेड के दौरान जुआरियों के पास से 2 लाख 12 हजार 600 रुपए नकद, 2 चारपहिया और 8 दोपहिया वाहन, 17 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त की गईं।जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 31 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने फार्म हाउस के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है। वहीं, रायपुर से लगे आरंग में भी पुलिस ने 10 जुआरियों को पकड़ा है।