राजिम जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को मिलेगा हेलमेट
अरसनारा परिक्षेत्र के ग्राम देमार में 8 जनवरी को होगा आयोजन
पाटन। परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के तत्वावधान में 8 जनवरी 2026 को ग्राम देमार में भक्तिन माता राजिम की जयंती के पावन अवसर पर राजिम जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर समाजहित को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के अध्यक्ष किशन हिरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रक्तदान जैसे पुनीत कार्य को प्रोत्साहित करना है। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, जिसमें सामान्य जांच के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन की एक विशेष पहल के तहत रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हेलमेट प्रदान किया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा का संदेश भी समाज तक पहुंचे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं एवं रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दें। उल्लेखनीय है कि अरसनारा परिक्षेत्र में पहली बार भक्तिन माता राजिम की जयंती का आयोजन इतने व्यापक स्तर पर किया जा रहा है, जिसे लेकर समाज के लोगों में विशेष उत्साह और उल्लास देखा जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे विशाल कलश शोभायात्रा के साथ होगी। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही अतिथियों का आगमन, सामाजिक संदेश, सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। अंत में प्रसाद वितरण के पश्चात कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सामाजिक जनों ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने हेतु समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील की है।