स्मृति नगर पुलिस ने बीबीए की छात्रा की शिकायत पर आरोपी दीपक ठाकुर को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ छात्रा ने दुष्कर्म और वसूली की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक 18 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह निजी कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रही है। सेमेस्टर की परीक्षा देने वह खम्हरिया स्थित कालेज गई थी। यहीं पर उसे पूजा नाम की युवती से मुलाकात हुई। युवती ने अपने भाई दीपक ठाकुर से पहचान कराई। बातचीत के दौरान आरोपी दीपक ने उसे बताया कि रायपुर
स्थित कलिंगा युनिवर्सिटी में सीएएफ का कोर्स होता है। इस कोर्स की पढ़ाई करने से बड़ी कंपनी में नौकरी लगती है। चर्चा के बाद उसने आरोपी का मोबाइल नंबर ले लिया। आरोपी ने उसे झांसा दिया कि वह कॉलेज में उसका एडमिशन करवा देगा। पीड़िता ने बताया कि आरोपी दीपक से उसकी बातचीत होने लगी। 9 अगस्त को आरोपी ने उसे फोन करके होटल लैंडमार्क में सीएएफ कोर्स का फार्म भरने के लिए बुलाया था। होटल के कमरे में आरोपी ने उससे दुष्कर्म किया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने दूसरी बार उसी होटल में मिलने के लिए बुलाया। धमकी देकर कई माध्यमों से 9.50 लाख रुपए वसूल लिए।