अमित बघेल से हाथ मिलाने की फोटो वाइरल, खम्हारडीह टीआई लाइन अटैच
रायपुर। हेट स्पीच मामले में गिरफ्तार छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संस्थापक अमित बघेल से हाथ मिलाकर फोटो खिंचवाना खम्हारडीह थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। फोटो के सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया और सोशल मीडिया व कुछ समाचार माध्यमों में इसकी जमकर चर्चा होने लगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी लाल उमेद्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई की। खम्हारडीह थाना प्रभारी वासुदेव परगनिया को लाइन अटैच कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हेट स्पीच के आरोप में गिरफ्तार अमित बघेल के साथ इस तरह की तस्वीर सामने आने से पुलिस की निष्पक्षता और कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए थे। इसी को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनात्मक कदम उठाते हुए यह कार्रवाई की है।