तेजतर्रार विधायक देवेंद्र यादव आज सुबह एकदिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए। गांधी प्रतिमा के सामने भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र के साथ दुर्ग के पूर्व विधायक अरुण वोरा समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद हैं। देवेंद्र का कहना है कि पुलिस प्रशासन द्वारा किये गए बल प्रयोग और लाठी चार्ज सरकार के तानाशाही रवैये को उजागर करता है।
देवेंद्र ने कहा कि जमीन के रेट बेतहाशा बढ़ाने और लाठी चार्ज के विरोध में भूख हड़ताल करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार से जमीन की नई गाइड लाइन को वापस लेने की मांग करते हैं। छत्तीसगढ़ में जमीन की नई गाइडलाइन की वजह से जमीन की कीमतें 5-6 गुना बढ़ गई है। इसके विरोध में पूरे प्रदेश में रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। कलेक्टर गाइडलाइंस में बदलाव की मांग कर रहे हैं । विधायक देवेन्द्र ने कहा कि भाजपा सरकार ने विरोध करने वाले आम जनता के साथ व्यापारियों पर लाठीचार्ज किया है। यह सरकार के तानाशाही रवैये को दर्शाता है।
देवेंद्र की भूख हड़ताल को समर्थन देते हुए दुर्ग के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार जन विरोधी फैसले कर रही है। बिजली बिल में बेतहाशा बढ़ोतरी कर जनता पर बोझ लाद दिया गया। कांग्रेस के लगातार आंदोलन से घबराकर भाजपा सरकार को बिजली बिल के मुद्दे पर बैकफुट पर आना पड़ा। अब सरकार ने जमीन की दरें बेतहाशा बढ़ा दी है। रजिस्ट्री की दरें भी काफी बढ़ा दी गई है। इससे आम जनता समेत छोटे किसानों की जमीन खरीदी-बिक्री प्रभावित हो रही है। सरकार को तत्काल इस जनविरोधी फैसले को वापस लेना चाहिये। कांग्रेस इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन करेगी।