
हादसा बालोद जिले के मरकाटोला घाट के पास हुआ।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में धान से भरे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार 6 लड़कों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। धमतरी जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। इनमें 7 गंभीर घायलों को रायपुर रेफर किया गया है।हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जगदलपुर नेशनल हाइवे पर मरकाटोला घाट के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया। ट्रक के नीचे दबे लोगों की जान गई है, जबकि टक्कर लगने से दूर जा गिरे लड़के घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।घटना पुरूर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, पिकअप में साउंड सिस्टम का सेटअप बंधा हुआ था। सभी लड़के गणेश विसर्जन कर लौट रहे थे। गाड़ी खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़े थे, तभी हादसा हुआ।
