छत्तीसगढ़ के कोरबा के ईएसआईसी अस्पताल के डॉक्टर डॉ. एल्विन वे (30) ने सुसाइड कर लिया है। 29 अगस्त की शाम अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास के बाथरूम में उनका शव नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उनके हाथ पर चोट के निशान भी दिखे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि डॉक्टर ने पहले सर्जिकल ब्लेड से नस काटने की कोशिश की और इसके बाद फांसी लगा ली। हालांकि, मौत की असली वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।
शुरुआती जांच में डॉक्टर के सुसाइड की वजह अफेयर की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन 11 अगस्त को कोयंबटूर गए थे। वहां दो दिन होटल में रुककर उन्होंने युवती की मां और भाई से मुलाकात की थी। 12 अगस्त को पालक्काड के एक चर्च में शादी के लिए आवेदन भी दिया था।
इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और रिश्ता टूट गया। इसके बाद कोरबा लौटने पर डॉ. एल्विन गुमसुम रहने लगे थे। पुलिस इस लव अफेयर के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।