भिलाई में सतनामी समाज के आराध्य बाबा गुरु घासीदास के सत्य के प्रतीक सतनाम भवन के डोम शेड निर्माण के लिए वित्त मंत्री द्वारा 50 लाख रुपये की घोषणा की गई है। यह राशि इसी वित्त वर्ष में जारी की जाएगी।
इसके साथ ही समिति को प्रतिवर्ष 10 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है, जिससे भवन के रखरखाव एवं सामाजिक-धार्मिक गतिविधियों को निरंतर गति मिल सकेगी।
यह घोषणा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर इसकी घोषणा की गई थी, जिस पर अब बजट की स्वीकृति मिल गई है।
इस निर्णय से सतनामी समाज में हर्ष का माहौल है। समाजजनों का कहना है कि अब सतनाम भवन अत्याधुनिक डोम शेड से सुसज्जित होकर समाज की आस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
समिति पदाधिकारियों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है।