कुम्हारी: खेत में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी
कुम्हारी थाना अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित कैवल्य धाम के पीछे एक खेत में अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृत महिला की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ था और उससे दुर्गंध आ रही थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस का अनुमान है कि महिला की मौत करीब एक सप्ताह पहले हुई होगी।
कुम्हारी थाना प्रभारी ने बताया कि मृतिका की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी बरामद नहीं हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, ताकि मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा सके।
पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है, ताकि मृत महिला की पहचान की जा सके।