चलती ट्रेन में हृदयगति रुकने से कथावाचक श्री कृष्ण शुभम महाराज का निधन, छत्तीसगढ़ में शोक की लहर
कुर्ला एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध युवा कथावाचक भागवताचार्य श्री कृष्ण शुभम महाराज (31) का असामयिक निधन हो गया। यह दर्दनाक घटना चलती ट्रेन में उस समय हुई, जब वे शौचालय जाने के लिए अपने बर्थ से उठे थे। अचानक वे शौचालय के दरवाजे के सामने ही बेसुध होकर गिर पड़े।
जानकारी के अनुसार, श्री कृष्ण शुभम महाराज ट्रेन नंबर 18029 एलटीटी–शालीमार कुर्ला एक्सप्रेस में 11 जनवरी को शाम 5:50 बजे सवार हुए थे। वे पश्चिम बंगाल के शालीमार में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में कथा प्रवचन देने जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनके साथ उनका सेवादार इन्द्रजीत तिवारी भी मौजूद था।
सोमवार सुबह जब ट्रेन राउरकेला स्टेशन के पास पहुंची, तभी यह घटना घटी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कथावाचक को अचानक सीने में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ हुई। वे दरवाजा खोलने से पहले ही गिर पड़े और तड़पने लगे। सेवादार और सहयात्रियों ने तत्काल मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जीआरपी मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में हृदयगति रुकने (हार्ट अटैक) से मौत की आशंका जताई जा रही है। आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
राजनांदगांव निवासी श्री कृष्ण शुभम महाराज कम उम्र में ही भागवत कथा वाचन के लिए प्रदेशभर में पहचान बना चुके थे। उनके निधन की खबर से छत्तीसगढ़ सहित देशभर के श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों का सिलसिला लगातार जारी है।