गोपेश कुमार साहू, पूर्व युवा संयोजक तहसील साहू संघ पाटन ने मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए 46वीं बार रक्तदान किया। यह रक्तदान जिला अस्पताल दुर्ग में एक गर्भवती महिला की गंभीर आवश्यकता को देखते हुए किया गया।
जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला को तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। इस दौरान गोपेश कुमार साहू को सूचना मिलते ही वे बिना विलंब जिला अस्पताल पहुँचे और स्वेच्छा से रक्तदान कर महिला के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चिकित्सकों द्वारा भी समय पर रक्त उपलब्ध होने से महिला की स्थिति में सुधार बताया गया।
गौरतलब है कि गोपेश कुमार साहू लंबे समय से सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में सक्रिय हैं। वे पूर्व में तहसील साहू संघ पाटन के युवा संयोजक के रूप में भी समाज सेवा करते रहे हैं। अब तक 46 बार रक्तदान कर वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। उनका कहना है कि “रक्तदान महादान है, इससे किसी जरूरतमंद का जीवन बचाया जा सकता है।”
उनके इस सराहनीय कार्य की समाजजनों, अस्पताल प्रशासन एवं शुभचिंतकों द्वारा प्रशंसा की जा रही है। यह रक्तदान न केवल एक परिवार के लिए राहत बना, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश भी देता है।